Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में बड़ा हादसा टला: कचना रेलवे क्रॉसिंग पर दो ट्रेनों के बीच फंसे राहगीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के कचना रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आरोप है कि गेटमैन की लापरवाही से उस वक्त फाटक का एक हिस्सा खोल दिया गया, जब ट्रैक पर ट्रेन आ रही थी। फाटक खुलते ही राहगीर ट्रैक पार करने लगे और इसी दौरान दूसरी ओर से तेज रफ्तार ट्रेन आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शहर से कचना की ओर जाने वाले पहले फाटक के पास यह घटना शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि एक ट्रैक पर पहले से ट्रेन गुजर रही थी। उसी समय गेटमैन ने क्रॉसिंग के एक तरफ का गेट खोल दिया। जैसे ही लोग दूसरे छोर की ओर बढ़े, तभी दूसरे ट्रैक पर भी ट्रेन आ पहुंची।

अचानक दो ट्रेनों को आता देख ट्रैक पर मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए दोनों ट्रैकों के बीच खाली जगह पर खड़े हो गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन से संपर्क किया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जो किसी अन्य स्थान का निकला था।

हालांकि, स्थानीय लोगों और जानकारों का दावा है कि वायरल वीडियो कचना रेलवे फाटक का ही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग रेलवे प्रशासन से जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।\

Related Posts

CG NEWS: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 13 माह की बच्ची की मौत, परिजनों का आरोप इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को इलाज के दौरान…

1 of 193