बीजापुर। दीपावली से पहले अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ भद्राकाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रैगुड़ा जंगल में संचालित जुए के अड्डे पर दबिश देकर 156 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि मुर्गा लड़ाई की आड़ में यहां लंबे समय से लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक की नकदी समेत बड़ी संख्या में वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
मुर्गा बाजार की आड़ में चल रहा था जुए का खेल
मिली जानकारी के अनुसार, रैगुड़ा जंगल में मुर्गा बाजार के नाम पर जुए का आयोजन किया जा रहा था। यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद भद्राकाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुए के अड्डे पर अचानक दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
20 लाख से ज्यादा नकदी और 47 वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में कुल 156 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। जब्त सामग्री और आरोपियों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दीपावली से पहले कार्रवाई से मचा हड़कंप
त्योहारी सीजन से ठीक पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली के दौरान गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फिलहाल रैगुड़ा जंगल में हुई इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है।









