Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान

बिलासपुर। शहर से लगे तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में आज एक पेंट, टाइल्स और पुट्टी बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फैक्ट्री से उठता घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोग आग फैलने की आशंका से घबरा गए।

चंद मिनटों में फैक्ट्री लपटों में घिरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। अंदर रखा पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री धू-धू कर जलने लगी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पेंट निर्माण का कार्य होता है और इसमें उपयोग होने वाले केमिकल अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

नुकसान का आंकलन जारी

फैक्ट्री में पेंट, पुट्टी और टाइल्स का भारी स्टॉक मौजूद था, जिसके जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने आसपास के उद्योग संचालकों से अपील की है कि वे अपनी फैक्ट्रियों में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण रखें, ताकि आपात स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और जनहानि से बचा जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के दौरान सिरगिट्टी इलाके में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

Related Posts

1 of 179