दुर्ग/भिलाई: जिले के भिलाई में इस दिसंबर माह में पहली बार बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आगमन होने जा रहा है। सेवा समर्थन सीमित संस्था द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के लिए शहर में उत्साह का माहौल है।
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त राकेश पांडेय ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन जयंती स्टेडियम के पास स्थित ग्राउंड में किया जाएगा।
आयोजन में प्रतिदिन लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसको देखते हुए आयोजकों ने विशाल डोम और पंडालों का निर्माण शुरू कर दिया है, ताकि भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
राकेश पांडेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक ई-रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कैंप और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।








