अस्पताल में लगातार सामने आ रही हिंसा की घटनाओं से कर्मचारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग; प्रबंधन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में मरीजों के इलाज के दौरान विवाद और अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह मरीज की मौत से नाराज स्वजन ने वार्ड ब्वाय की पिटाई कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मंगलवार देर रात ट्राइएज में भी हंगामे और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। लगातार हो रही इन घटनाओं से अस्पताल के चिकित्सकीय और अन्य कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मरीज की मौत के बाद भड़के स्वजन, वार्ड ब्वाय को पीटा
जानकारी के अनुसार, करबला निवासी किसन लाल को उनके स्वजन उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे थे। मरीज को ऑक्सीजन लगाकर वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा था। एमएम वार्ड नंबर तीन में पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की और मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात वार्ड ब्वाय मुंदर लाल पर हमला कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार, स्वजन ने हाथों और चप्पलों से उनकी पिटाई की। मारपीट में उनकी शर्ट के बटन भी टूट गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
वार्ड ब्वाय का कहना है कि वह अपनी ड्यूटी निभाते हुए मरीजों की सेवा कर रहे थे, तभी अचानक उन पर हमला किया गया। इस घटना से अस्पताल के कर्मचारियों में भय और आक्रोश है।
देर रात ट्राइएज में हंगामा, डॉक्टर से मारपीट का आरोप
सिम्स में दूसरी घटना मंगलवार देर रात हुई, जब मस्तूरी क्षेत्र से आए मरीज के परिजनों पर ट्राइएज में हंगामा करने, ड्यूटी डॉक्टर के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा।
जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय राजा विश्वकर्मा, निवासी अनहोनी, ग्राम मस्तूरी के उपचार के सिलसिले में उसके परिजन अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान राजा विश्वकर्मा के परिजन बिशुप्रताप (26 वर्ष) और रंजीत जांगड़े सहित अन्य लोगों पर गाली-गलौज और हंगामा करने का आरोप है।
आरोप है कि विवाद के दौरान अस्पताल की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और ड्रेसिंग वार्ड के दरवाजे का कांच तोड़ दिया गया। घटना के समय सिम्स में सीएमओ के पद पर कार्यरत डॉ. राहुल साव ड्यूटी पर तैनात थे।
डॉक्टर ने सिटी कोतवाली में दी शिकायत
डॉ. राहुल साव ने घटना के संबंध में सिटी कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
सिम्स में इलाज के दौरान विवाद, हंगामा और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद इस तरह की घटनाएं होने से चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में निर्बाध उपचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए उन्होंने सिम्स प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
प्रबंधन ने कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने का दिया आश्वासन
सिम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. लखन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पीड़ित कर्मचारी ने शिकायत की है। संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच अब अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि अस्पताल में मरीजों के उपचार के साथ चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।










