कवर्धा। कबीरधाम जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। चिल्फी थाने की पुलिस ने नागालैंड पासिंग कंटेनर को जब्त किया, जिसमें करीब 9 क्विंटल (900 किलो) गांजा भरा हुआ था। अनुमानित कीमत कंटेनर की 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गांजा 30 बोरियों में पैक था, हर बोरी में 30 किलो। आरोपी आयाज खान, निवासी भरतपुर, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार किया गया। वह यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई जिले में नशे के कारोबार पर बड़ा झटका मानी जा रही है और प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मादक पदार्थ तस्करी पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।










