रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की चाह एक युवक को भारी पड़ गई। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सामने सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाने वाले बाइक चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक युवक और युवती चलती सड़क के बीचों-बीच ‘तबाही-तबाही’ गाने पर खतरनाक तरीके से रील बनाते नजर आए। वीडियो ‘भीमेश देवांगन’ नाम की सोशल मीडिया आईडी से पोस्ट किया गया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो का सत्यापन किया। जांच के दौरान बाइक चालक की पहचान भीमेश देवांगन के रूप में की गई।
राखी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्टंटबाज को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।










