जांजगीर- चांपा। शिवरीनारायण में प्रोफेसर राम कुमार सिंह कंवर के साथ अपहरण, लूट और फिरौती की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी प्रोफेसर का न्यूड वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक शिक्षक, CAF जवान और एक नाबालिग भी शामिल है।
कैसे हुआ अपहरण और ब्लैकमेलिंग?
1 दिसंबर को प्रोफेसर राम कुमार सिंह ने शिवरीनारायण थाना पहुँचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। चांपा एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि मामला 28 नवंबर से शुरू हुआ, जब प्रोफेसर को एक फोन आया। फोन करने वाले ने पहले से जानने का दावा किया और मिलने के लिए बुलाया। प्रोफेसर पहचान वाला समझकर तय स्थान पर पहुँचे। एक व्यक्ति से मिलने के दौरान अचानक चार और लोग पहुँच गए। उन्होंने प्रोफेसर के साथ बदसलूकी की और 2,900 रुपये लूट लिए।
सुनसान जगह ले जाकर कपड़े उतरवाए, वीडियो बनाया
आरोपियों ने प्रोफेसर का अपहरण कर उन्हें एक सुनसान जगह ले गए। वहाँ उनकी मारपीट की गई, कपड़े उतरवाए गए और न्यूड वीडियो बनाया गया। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की मांग की।
चेक देकर छोड़ा, पर अगले दिन बैंक में हंगामा
डर के कारण प्रोफेसर ने बताया कि खाते में सिर्फ 15 लाख हैं। उन्होंने आरोपियों को 15 लाख का चेक दिया। अगले दिन आरोपियों ने उन्हें बैंक बुलाया, लेकिन पैसे निकालते समय प्रोफेसर ने विरोध किया और चिल्लाने लगे। बैंक में हंगामा होते देख आरोपी फरार हो गए। इसके बाद प्रोफेसर सीधे थाने पहुँचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिक्षक और CAF जवान निकले मास्टरमाइंड — 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को पकड़ा:
- करन दिनकर – CAF जवान
- कार्तिकेश्वर रात्रे – शिक्षक (मुख्य साजिशकर्ता)
- अरुण मनहर
- श्याम सिन्हा
- एक नाबालिग आरोपी
क्यों की वारदात?
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी उधारी चुकाने के लिए बड़ी रकम जुटाना चाहते थे। शिक्षक कार्तिकेश्वर रात्रे ने ही प्रोफेसर के साथ लूट और फिरौती की योजना बनाई थी।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(2), 308(2), 309(6), 61(2) के तहत कार्रवाई की है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एसडीओपी ने कहा कि यह एक गंभीर आपराधिक घटना थी, लेकिन प्रोफेसर की हिम्मत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला सुलझा लिया गया।








