रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित एक कार्यक्रम को लेकर फिल्म अभिनेत्री सनी लियोन के आगमन से पहले ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। बजरंग दल ने कार्यक्रम का कड़ा विरोध जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से आयोजकों को चेतावनी जारी की है।
सोशल मीडिया पर बजरंग दल की चेतावनी
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कार्यक्रम आयोजकों को सीधे शब्दों में चेताया। पोस्ट में कहा गया कि रायपुर में किसी भी प्रकार की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे आयोजनों का विरोध किया जाएगा।
22 फरवरी को प्रस्तावित था कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार अभिनेत्री सनी लियोन का एक कार्यक्रम 22 फरवरी को रायपुर में आयोजित होना प्रस्तावित है। बजरंग दल ने इस कार्यक्रम को भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई है।
प्रशासन से कार्यक्रम पर रोक की मांग
बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, ऐसे में इस तरह के आयोजनों को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। संगठन ने प्रशासन से कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की है।
अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
विरोध के बाद फिलहाल कार्यक्रम आयोजकों या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में बना हुआ है और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में भी इस पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।










