Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- राजस्व अधिकारियों की कथित पिटाई के बाद युवक की मौत, SDM-नायब तहसीलदार सहित 5 हिरासत में

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। कुसमी विकासखंड के हंसपुर गांव में राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के बाद एक ग्रामीण की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम बॉक्साइड से जुड़े एक ट्रक पर कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई और अफरा-तफरी मच गई।


अस्पताल में तोड़ा दम

झड़प के कुछ समय बाद एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि झड़प के दौरान हुई कथित मारपीट के कारण ही युवक की जान गई।


नायब तहसीलदार सहित पांच हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करुण डहरिया (नायब तहसीलदार) सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।


इलाके में तनाव, प्रशासन सतर्क

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि ग्रामीण की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Related Posts

1 of 179