रायपुर, 18 मई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वीआईपी और हाई-प्रोफाइल इलाकों में भी बदमाशों का हौसला बुलंद है। सोमवार सुबह एक बेहद चौंकाने वाले घटनाक्रम में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक को अपना निशाना बनाया। मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाश उनके हाथ से मोबाइल झपटकर (स्नैचिंग) फरार हो गए।
यह सनसनीखेज वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पीडब्ल्यूडी (PWD) ब्रिज के पास केनाल रोड पर हुई। घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
तेज रफ्तार बाइक से आए और झपट्टा मार दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक हर दिन की तरह सोमवार सुबह करीब 6 बजे केनाल रोड पर मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उनके हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गए।
घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू की गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस, टीमें गठित
राजधानी के इस वीआईपी रूट पर हुई लूटपाट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक:
- घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
- संदिग्धों और बाइक के हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
- लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों को तैनात किया गया है।
नेताओं के बयान: “पुलिस पर पूरा भरोसा”
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी: धरमलाल कौशिक
“आज सुबह केनाल रोड पर वॉकिंग के दौरान यह घटना घटी। कुछ सिरफिरे लोग हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर निकल गए। इसकी औपचारिक सूचना पुलिस को दे दी गई है। मुझे पूरा भरोसा है कि रायपुर पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजेगी।”
विधायक पुरंदर मिश्रा का अनोखा तंज
इस घटना पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कुछ लोग अपना व्यक्तिगत खर्च निकालने के लिए ऐसी वारदातें करते हैं, क्योंकि उनकी नीयत खराब होती है। इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि जैसे रथयात्रा में लोग अलग-अलग कामना लेकर आते हैं—कोई कलेक्टर बनने की मन्नत मांगता है, तो कोई चप्पल चोरी करने की। भगवान छोटी मांग जल्दी पूरी करते हैं, और मोबाइल भी एक छोटी चीज है। मैं पुलिस से निवेदन करूंगा कि इस चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।”










