राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के एक नामी रिसॉर्ट में हुई 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना के बाद रिसॉर्ट से फरार हुए भिलाई के तीन युवकों को पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पर मृतका के साथ दुष्कर्म (रेप) करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला हत्या और साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
रिसॉर्ट के बाथरूम में मिली थी लाश, रात में ही भाग निकले थे दोस्त
घटना सोमनी थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान भिलाई-3 (जिला दुर्ग) की रहने वाली 24 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे रिसॉर्ट के स्टाफ को युवती का शव बाथरूम में संदेहास्पद हालत में मिला। चौंकाने वाली बात यह थी कि वारदात के बाद युवती के साथ रिसॉर्ट में रुके उसके दोस्त रात के अंधेरे में ही वहां से फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही सीएसपी वैशाली जैन, लालबाग थाना प्रभारी और सोमनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, एफएसएल (FSL) और क्राइम ब्रांच की टीमों को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।
मुख्य आरोपी पर रेप का आरोप, दो दोस्तों ने की थी मदद
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार हुए तीनों युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया है। आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी आशुतोष हिरवानी, बेलचंदन और छत्रपाल के रूप में हुई है।
- आशुतोष हिरवानी: मुख्य आरोपी है, जिस पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
- बेलचंदन और छत्रपाल: इन दोनों युवकों पर आशुतोष की मदद करने, गाड़ी और शराब मुहैया कराने का आरोप है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
पार्टी में रायपुर और भिलाई के 8 लोग थे शामिल, CCTV खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच और रिसॉर्ट के रिकॉर्ड्स से पता चला है कि इस खूनी पार्टी में कुल 8 लोग मौजूद थे। इनमें से तीन युवक और दो युवतियां भिलाई से आए थे, जबकि तीन अन्य युवक रायपुर से वहां पहुंचे थे। सभी की उम्र लगभग 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने रिसॉर्ट के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही पार्टी में शामिल अन्य युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर उनके अलग-अलग बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि बयानों के विरोधाभास को पकड़ा जा सके।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस
हालांकि, पुलिस अभी युवती की मौत के सटीक कारणों पर कुछ भी खुलकर बोलने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के शरीर पर कुछ चोट के निशान जरूर हैं, लेकिन मौत दम घुटने से हुई, जहर से हुई या किसी अन्य चोट के कारण, यह पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।
हर एंगल से हो रही जांच: एसपी जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर पुलिस इस मामले को बेहद संवेदनशील मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर दुष्कर्म के बाद सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आते ही मामले में और भी कड़ी धाराएं जोड़ी जाएंगी।










