Trendingछत्तीसगढ

सूरजपुर में एक साथ तीन भालुओं की मौत, करंट लगने की आशंका से वन विभाग में हड़कंप

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत का मामला सामने आया है। जंगल में एक मादा भालू, एक नर भालू और एक शावक का शव मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है।

जंगल में मिले तीन भालुओं के शव

जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र में वन अमले को एक ही स्थान पर तीन भालुओं के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। मृत भालुओं में एक मादा, एक नर और एक शावक शामिल हैं।

हाईटेंशन तार टूटने से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर जंगल क्षेत्र में गिर गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तार की चपेट में आने से तीनों भालुओं की मौत हुई। हालांकि वन विभाग ने मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही करने की बात कही है।

पशु चिकित्सकों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों के साथ तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने नियमानुसार तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग ने शवों का अंतिम निस्तारण कर दिया।

जांच में जुटा वन विभाग

वन विभाग अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। एक साथ तीन भालुओं की मौत ने वन्यजीव संरक्षण और जंगल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

1 of 386