रायपुर। राजधानी के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के बाद चार युवकों ने एक सेनेटरी कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कारोबारी के सीने और पैर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल कारोबारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लाखेनगर निवासी जानवी लालवानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत के अनुसार, उनके पति पवन कुमार लालवानी (सेनेटरी व्यवसायी) बुधवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी स्कूटी से गोदाम की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान लाखेनगर-रायपुरा मार्ग पर सुंदर नगर स्थित पहुजा ब्रदर्स के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाने की बात को लेकर पवन लालवानी को रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर सीने और घुटने पर किया वार
जब कारोबारी पवन लालवानी ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो चारों युवक मारपीट पर उतारू हो गए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच एक आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार (चाकू) से सीधे पवन के सीने पर वार कर दिया। पवन ने खुद को बचाने की कोशिश की, तो हमलावर ने उनके बाएं घुटने के पास भी गहरा वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने खींची बाइक की फोटो, तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के वक्त मौके पर मौजूद सजग राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भाग रहे हमलावरों की एक मोटरसाइकिल के नंबर की फोटो खींच ली। पुलिस ने इस बाइक नंबर को कब्जे में ले लिया है। दीनदयाल नगर थाना पुलिस इस नंबर के आधार पर वाहन मालिक और उसके साथ मौजूद तीन अन्य अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।









