रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक मकान में किराएदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने सूझबूझ के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में छापा मारा। पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर 5500 रुपये देकर मकान भेजा गया। पाइंटर से संकेत मिलने के बाद मकान की घेराबंदी कर एकाएक रेड की गई।
मौके पर बरामदियां और गिरफ्तारी
रेड के दौरान मकान के अंदर तीन महिलाएं, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा पाए गए। मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री और आरोपी के मोबाइल फोन जब्त किए गए।
महिलाओं को पैसों के लालच में फंसाया गया
पूछताछ में पता चला कि डिंपी इजारदार मकान का किराएदार है, जो महिलाओं को पैसों के लालच में लाकर देह व्यापार करवा रहा था। वहीं, नागेंद्र विश्वकर्मा भी आरोपी का सहयोगी पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- डिंपी उर्फ राहुल इजारदार, पिता जीवनलाल, उम्र 40 वर्ष, केलो बिहार कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर
- नागेंद्र विश्वकर्मा, पिता विनोद, उम्र 35 वर्ष, गणेश चौक, थाना कोतरारोड
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









