Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा तेज, दीपक बैज का कार्यकाल पूरा, कई नेताओं के नाम दौड़ में

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का तीन वर्षीय कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है और माना जा रहा है कि हाईकमान के फैसले तक दीपक बैज अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल सामान्यतः तीन वर्ष का होता है, लेकिन विशेष परिस्थितियों में पार्टी नेतृत्व इसे बढ़ाने का फैसला भी लेता है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करीब पांच साल तक प्रदेश अध्यक्ष रहे और उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हासिल की थी। वहीं मोहन मरकाम का कार्यकाल भी लगभग चार साल तक चला था।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन में दो प्रमुख समीकरणों पर विचार कर रहा है—एक अनुभवी चेहरा और दूसरा युवा नेतृत्व। वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि यदि पार्टी उन्हें जिम्मेदारी देती है तो वे इसके लिए तैयार हैं। वहीं पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में उनके लगातार दिल्ली दौरे को भी इसी चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है।

दूसरी ओर, युवा नेतृत्व की बात करें तो विधायक उमेश पटेल और देवेंद्र यादव के नाम भी चर्चा में हैं। हाल ही में रायपुर दौरे के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उमेश पटेल से अलग से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके नाम को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। वहीं पार्टी का एक वर्ग देवेंद्र यादव को भी प्रदेश कांग्रेस के भविष्य के मजबूत युवा चेहरे के रूप में देख रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ओबीसी और युवा नेतृत्व पर दांव लगाती है, तो उमेश पटेल और देवेंद्र यादव दोनों मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। फिलहाल अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को लेना है और सभी की नजरें अब दिल्ली पर टिकी हैं।

Related Posts

बिलासपुर: बाल अधिकार संरक्षण आयोग और पुलिस की बड़ी सफलता, लापता 12 वर्षीय बच्ची अंतरराष्ट्रीय सीमा से बरामद

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की तत्परता और बिलासपुर पुलिस…

एनएचएआई का बड़ा कदम: ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप से मिलेगा टोल प्लाजा का ‘लोकल पास’, 22 भाषाओं में दर्ज होगी शिकायत

रायपुर: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों के…

1 of 428