जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासन और अभिभावक दोनों सकते में हैं। वीडियो में कुछ युवक कार के दरवाजे पर लटककर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक हाथ में शराब की बोतल लिए नजर आ रहा है।
फेयरवेल पार्टी के बहाने स्टंटबाजी
सूत्रों के अनुसार यह घटना जिले के किनकेल गांव में हुई। स्टंटबाजी स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के बाद सड़क पर की गई। वीडियो वायरल होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि ऐसे खतरनाक खेल न सिर्फ छात्रों के लिए बल्कि सड़क पर मौजूद लोगों के लिए भी जानलेवा हो सकते हैं।
शिक्षकों और प्रशासन को निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ राज्य संचालनालय, सभी जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब विद्यालयों में विदाई समारोह और अन्य आयोजनों में छात्र स्टंटबाजी करते हुए वीडियो या रील नहीं बना सकेंगे। सभी गतिविधियां शिक्षकों की निगरानी में ही होंगी।
पिछली घटनाओं का हवाला
बीते दिनों कवर्धा के एक विद्यालय में फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्र-छात्राएं गाड़ियों पर स्टंट करते हुए वीडियो में नजर आए थे। इस घटना के बाद भी छात्रों की सुरक्षा और सार्वजनिक जागरूकता पर ध्यान देने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।










