Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- लग्जरी कार में स्टंटबाजी: 3 नाबालिग हिरासत में, कार जब्त

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में लग्जरी कारों में स्टंटबाजी करने वाले रईसजादों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अंबिकापुर में एमजी कार से खतरनाक स्टंट करने के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। साथ ही संबंधित कार को भी जब्त कर लिया गया है। सभी नाबालिग नवमी और दसवीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

मिली जानकारी के अनुसार, मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के चर्च रोड का है। यहां एमजी कार में स्टंटबाजी का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। फुटेज में देखा गया कि नाबालिग कार की बोनट पर बैठकर और गर्दन बाहर निकालकर वाहन चला रहे थे, जिससे उनकी और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिगों को हिरासत में लिया और कार जब्त कर ली। पुलिस ने अभिभावकों को भी थाने बुलाकर समझाइश दी है।


जशपुर में भी सामने आया था ऐसा मामला

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जशपुर जिले में भी छात्रों द्वारा चलती कार में स्टंटबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवक कार के दरवाजे पर लटककर खतरनाक स्टंट करते दिखे थे। इतना ही नहीं, एक युवक हाथ में शराब की बोतल लहराते नजर आया, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया।


पुलिस की अपील

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। ऐसे खतरनाक स्टंट न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं।

Related Posts

1 of 179