बालोद छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मर्यादाओं को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। डौंडी स्थित एक सरकारी स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक (PTI) पर 22 वर्षीय युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसे पैसों का प्रलोभन देकर अनैतिक संबंध बनाने का प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर, जो डौंडी के शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ है, ने अपने घर के पास से गुजर रही एक युवती को रोका। आरोप है कि शिक्षक ने न केवल युवती के साथ अश्लील बातें कीं, बल्कि उसे 500 रुपये का नोट दिखाकर शारीरिक संबंध बनाने का घिनौना प्रस्ताव भी दिया।
पीड़िता का साहस और पुलिस की कार्रवाई
शिक्षक की इस हरकत से डरी और सहमी युवती ने चुप रहने के बजाय साहस दिखाया और सीधे डौंडी थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1)(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस शिक्षक ने पहले भी किसी छात्रा या अन्य महिला के साथ इस तरह की हरकत की है।
इलाके में भारी आक्रोश
एक सरकारी शिक्षक द्वारा ऐसी घिनौनी हरकत किए जाने की खबर फैलते ही डौंडी क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने और कड़ी सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि स्कूलों में पदस्थ शिक्षक ही ऐसे आचरण करेंगे, तो समाज में बेटियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
डौंडी थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।










