मांड्या: कर्नाटक के मांड्या जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार शाम को कावेरी नदी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुत्ताथी (Muttathi) में सेल्फी लेने के चक्कर में एक ही परिवार की चार महिलाओं समेत पांच लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में उन्हें बचाने की कोशिश करने वाला कार ड्राइवर भी शामिल है। सभी मृतक बेंगलुरु के रहने वाले थे।
मंदिर में पूजा के बाद घूमने गया था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु दक्षिण जिले के चन्नापटना तालुक (जगदपुरा गांव) का एक परिवार ‘बीगारा ऊटा’ (एक पारंपरिक दावत) के सिलसिले में कब्बालु मंदिर आया था। पूजा-अर्चना करने के बाद सभी लोग मालवल्ली तालुक में स्थित मुत्ताथी टूरिस्ट स्पॉट पर कावेरी नदी के किनारे घूमने चले गए।
एक को बचाने के चक्कर में डूब गए पांचों
जिला पुलिस अधीक्षक (SP) वी.जे. शोभा रानी ने बताया कि नदी में पानी का स्तर कम देखकर सभी लोग किनारे पर फोटो और सेल्फी खिंचवाने लगे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से सबसे पहले 52 वर्षीय विजयम्मा नदी के तेज बहाव में गिर गईं।
विजयम्मा को डूबता देख परिवार की बाकी महिलाएं और कार का ड्राइवर उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन पानी का बहाव इतना खतरनाक था कि कोई संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते पांचों लोग बह गए।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक:
- विजयम्मा (52 वर्ष)
- प्रियंका (विजयम्मा की बेटी)
- श्वेता (38 वर्ष, विजयम्मा की बेटी)
- चैत्रा (20 वर्ष, श्वेता की बेटी)
- महेश (30 वर्ष, बेंगलुरु निवासी कार ड्राइवर)
गोताखोरों ने निकाले शव, पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही मांड्या के डिप्टी कमिश्नर डॉ. कुमार, एसपी शोभा रानी और स्थानीय हलगुरु पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। बुधवार रात करीब 7 बजे कुशल तैराकों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पांचों शवों को पानी से बाहर निकाला गया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। हलगुरु पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









