नई दिल्ली। दिल्ली में लाल किले के पास कार ब्लास्ट के आरोपी डॉक्टर उमर मोहम्मद पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा एक्शन लिया है। उसके पुलवामा स्थित घर को आईडी से उड़ा दिया है।
इस बम ब्लास्ट की जांच में अभी तक कई अहम खुलासे हुए हैं। इस पूरे ब्लास्ट से जुड़ी एक और कार गुरुवार को फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के पार्किंग में मिली। यह कार शाहीन शाहिद के नाम से रजिस्टर्ड है। जिसे पहले ही व्हाइट कलर टेरर मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि यूनिवर्सिटी में मिली संदिग्ध मारुति ब्रेजा कार की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। संदिग्ध कार मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाकर वाहन की तलाशी ली गई। यूनिवर्सिटी परिसर में खड़ी अन्य गाड़ियों की भी जांच की जा रही है और उनके मालिकों की जानकारी की पुष्टि हो रही है।
जांच में इसका भी खुलासा हुआ कि ब्लास्ट के मुख्य आरोपी, डॉ. उमर मोहम्मद, डॉ. मुजम्मिल अहमद और डॉ. शाहीन शाहिद, ने अपनी पूरी प्लानिंग एक एन्क्रिप्टेड स्विस मैसेजिंग ऐप के जरिए बनाई और उसी से अपने आतंकी मिशन को कोऑर्डिनेट किया। ब्लास्ट साइट से मिले DNA सैंपलों से पुष्टि हुई है कि लाल किले के पास विस्फोट हुई सफेद Hyundai i20 कार को डॉ. उमर ही चला रहा था।









