दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर नकली पिस्टल लहराते हुए रील बनाई थी, जो वायरल हो गई।
वायरल वीडियो का लिया गया संज्ञान
वीडियो सामने आते ही दुर्ग पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि स्टेशन रोड स्थित सुमित बाजार के पास वाहन से उतरकर आरोपियों ने यह रील बनाई थी। वीडियो में नकली पिस्टल लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई।
नकली पिस्टल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और दिखावा करने के लिए यह स्टंट किया गया था।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के खतरनाक स्टंट या दहशत फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









