अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियों के तमिलनाडु में फंसे होने का मामला सामने आया है। रोजगार दिलाने के नाम पर चेन्नई ले जाई गईं युवतियों ने घर लौटने में बाधा और पैसों की मांग किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलते ही सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सक्रिय हो गए हैं और युवतियों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर, बेलजोरा और बिनई की रहने वाली तीन युवतियां जशपुर में तीन माह का सिलाई प्रशिक्षण लेने के बाद प्लेसमेंट के नाम पर तमिलनाडु के कांचीपुरम ले जाई गई थीं। आरोप है कि दो युवतियों और एक युवक ने रोजगार का झांसा देकर उन्हें वहां पहुंचाया।
घर लौटने के लिए मांगे जा रहे 10-10 हजार रुपये
पीड़ित युवतियों का कहना है कि अब उन्हें घर वापस लौटने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वापसी के लिए प्रत्येक युवती से 10-10 हजार रुपये की मांग की जा रही है। परेशान युवतियों ने चेन्नई से ही विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई।
विधायक ने वीडियो कॉल पर की बात
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक रामकुमार टोप्पो ने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से तीनों युवतियों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी बात कही।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवतियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में युवतियों को जल्द से जल्द उनके घर पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।










