रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर! भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मुकाबले के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू हो रही है। शाम 5 बजे से ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट उपलब्ध रहेंगे।
3 दिसंबर को रायपुर में खेले जाने वाले इस रोमांचक मुकाबले को लेकर प्रशंसकों में उत्साह चरम पर है। भीड़ को नियंत्रित करने और टिकटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियम भी तय कर दिए गए हैं। स्टेडियम में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। क्रिकेट प्रेमियों को सलाह है कि टिकट समय पर बुक कर लें ताकि आखिरी समय में कोई परेशानी न हो।
स्टूडेंट्स को 24 नवंबर को टिकट इंडोर स्टेडियम जाकर खरीदना होगा। आज से 48 हजार टिकट की बुकिंग शुरू हो जाएगी। ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए संघ ने एक आईडी में अधिकतम 4 टिकट देने की घोषणा की है। बात दें कि वर्ल्ड डिसेब्लिटी-डे के मौके पर प्रदेश के सभी दिव्यांग खिलाड़यों को फ्री में मैच दिखाने की तैयारी है।
द. अफ्रीका के भारत दौरे का पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। जिसके बाद 1 दिसंबर को खिलाड़ियों के रायपुर आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। वहीं, 2 दिसंबर को दोनों ही टीमें प्रैक्टिस के लिए शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचेंगी।
जनरल स्टैंड्स की टिकट दरें
1500, 2500, 3000, 3500
प्रीमियम कैटेगरी
सिल्वर – 6000
गोल्ड – 8000
प्लैटिनम – 10,000
कॉर्पोरेट बॉक्स – 20,000
पानी फ्री में मिलेगा
स्टेडियम के रख-रखाव की जिम्मेदारी अब भी पीडब्ल्यूडी और खेल विभाग के जिम्मे है। इसके इतर क्रिकेट संघ ने स्टेडियम का बेसिक मेन्टेनेंस करना शुरू कर दिया है। संघ ने 22 वॉटर फिल्टर लगवाए हैं। ताकि दर्शकों को पीने का पानी खरीदना ना पड़े। इसके अलावा वेंडर्स खाने-पीने के सामानों का रेट चार्ट लगाकर घूमेंगे। ताकि कोई भी चीजें महंगे दामों पर ना बेची जा सकें।









