अंबिकापुर/सूरजपुर। सरगुजा संभाग के प्रेमनगर क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सड़क पर फेंकी गई एक खराब मोबाइल फोन की बैटरी से खेलना एक मासूम बच्चे के लिए काल बन गया। खेल-खेल में अचानक मोबाइल बैटरी ब्लास्ट हो गई, जिससे गंभीर रूप से झुलसे एक वर्षीय मासूम ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
खेल-खेल में फटी बैटरी, बुरी तरह झुलसा मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरमपुर की है। मृतक बच्चे के पिता महेंद्र कुमार ने बताया कि उनके बड़े बच्चे सड़क पर पड़ी एक खराब मोबाइल बैटरी को खिलौना समझकर घर ले आए थे। घर के भीतर उनका एक साल का सबसे छोटा मासूम बच्चा उस बैटरी के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि मासूम का चेहरा, दोनों हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए।
तीन अस्पतालों में बदला गया, नहीं बच सकी जान
धमाके की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान बच्चे को लेकर भागे। मासूम की जान बचाने के लिए परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के फौरन बाद बच्चे को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। यहाँ भी बच्चे की नाजुक हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना किया। यहाँ बर्न वार्ड में इलाज के दौरान मासूम ने आखिरकार दम तोड़ दिया।
परिवार का सबसे छोटा बच्चा था मासूम
घर में पसरा मातम: पीड़ित पिता महेंद्र कुमार ने बताया कि उनके कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें यह मृतक बच्चा सबसे छोटा और सबका लाडला था। एक छोटी सी लापरवाही और सड़क पर फेंके गए ई-कचरे (E-Waste) ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल और उसकी पुरानी बैटरियों को लेकर सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।










