दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेहरू नगर इलाके से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक के साथ कुछ लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि यह युवक पिज्जा डिलीवरी बॉय है और उसके साथ युवा कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद के नेता अमन सिंह और उनके साथियों ने मारपीट की।
वायरल वीडियो में युवक को थप्पड़ और मुक्के मारे जाते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डिलीवरी बॉय के कपड़े उतारकर भी उसके साथ मारपीट की गई और वह लगातार माफी मांगता रहा।
वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई FIR
घटना के बाद डिलीवरी बॉय की ओर से सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। घटना की वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट की पूरी सच्चाई और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










