बलौदा बाजार / सिमगा: जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनसांकरा में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। प्रशासन की लगातार अनदेखी और पुलिस की उदासीनता से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार, 27 जुलाई को सिमगा थाना के सामने सब्जी मार्केट के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं।
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि गांव में लंबे समय से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा धड़ल्ले से देशी और अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री की जा रही है। इस अवैध कारोबार के कारण गांव का सामाजिक माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है, जिससे युवा पीढ़ी और आम नागरिक खासे परेशान हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध धंधे के खिलाफ उन्होंने पहले ही अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को लिखित ज्ञापन सौंपा था। इसके अलावा, सिमगा थाना प्रभारी को भी पूर्व में लिखित एवं मौखिक रूप से कई बार सूचित किया जा चुका है।
बावजूद इसके, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के उदासीन रवैये के चलते इन अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बनसांकरा के सरपंच राहुल सिंह ठाकुर के नेतृत्व में ग्रामीण शांतिपूर्ण तरीके से थाना के सामने धरने पर बैठे हैं। सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द गांव में अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं की जाती है, तो इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। इस धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत बनसांकरा के ग्रामीण और महिलाएं शामिल होकर अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










