रायपुर। भविष्य संवारने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर होती है, वही कंधे अगर कमजोर पड़ जाएं, तो सबसे बड़ा आघात बच्चों के सपनों पर लगता है। बलरामपुर जिले का एक छोटा-सा सरकारी स्कूल, जहां मासूम बच्चे अपनी कॉपी-किताब लेकर हर रोज उसी उम्मीद से बैठते हैं कि “आज कुछ नया सीखेंगे। आज हमारा भविष्य थोड़ा और उजलेगा… लेकिन उसी कक्षा में, उन मासूम आंखों के सामने, एक ऐसा दृश्य सामने आता है जिसे देखकर दिल पसीज जाता है। बलरामपुर जिले के प्राथमिक शाला कोगवार मचान डांड स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें टीचर Nose की जगह ‘Noge’, Ear की जगह ‘Eare’ और Eye की जगह ‘Iey’ पढ़ाते दिख रहा है।

जानकारी के मुताबिक टीचर का नाम प्रवीण टोप्पो है, जो कोगवार प्राइमरी स्कूल में सहायक शिक्षक एलबी के पद पर पोस्टेड हैं.ये सिर्फ तीन गलत शब्द नहीं हैं। ये उन बच्चों की नींव में पड़ी तीन बड़ी दरारें हैं, जिन पर उनका पूरा भविष्य खड़ा होना है। इस वीडियो के वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। DEO ने शिक्षक प्रवीण टोप्पो को नोटिस जारी कर निलंबित कर दिया है। लेकिन सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं। इन मासूमों का हक सिर्फ स्कूल नहीं। सही शिक्षा है।









