Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

भीषण गर्मी में 900 सीढ़ियां चढ़ते श्रद्धालु की मौत, कुदरगढ़ धाम में मचा हड़कंप

अंबिकापुर/सूरजपुर। कुदरगढ़ धाम से एक दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी के बीच मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते हुए एक श्रद्धालु की मौत हो गई। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कोरिया जिले के निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के साथ मां बागेश्वरी देवी के दर्शन के लिए कुदरगढ़ धाम पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 900 सीढ़ियां चढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक स्थान पर वे अपने पीछे आ रहे परिजनों का इंतजार करने के लिए रुके।

इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मंदिर के पास ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पुजारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें संभालने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

परिजनों ने आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं को भी सहायता के लिए बुलाया, लेकिन प्राथमिक प्रयासों के बावजूद फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। सूरजपुर के सीएमएचओ डॉ. कपिलदेव पैकरा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और लगातार सीढ़ियां चढ़ने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो सकती है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है, वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीषण गर्मी में सावधानी बरतें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

Related Posts

रायपुर में चौंकाने वाला खुलासा: शराब से किडनी फेलियर के मामले बढ़े, 40% मरीज अल्कोहल से गंभीर रूप से प्रभावित

रायपुर। राजधानी के आंबेडकर अस्पताल में किडनी रोगियों को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े…

1 of 302