रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों सोशल मीडिया, खासकर Instagram पर हथियारों के प्रदर्शन का ट्रेंड तेजी से बढ़ता जा रहा है। पहले यह चलन केवल युवकों तक सीमित था, लेकिन अब लड़कियां भी तलवार और अन्य हथियारों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर खुलेआम पोस्ट कर रही हैं। यह स्थिति कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल दोनों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
लेक्चरर बताने वाली युवती का वीडियो वायरल
हाल ही में एक युवती का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें वह हाथ में तलवार लेकर पोज देती नजर आ रही है। सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार युवती का नाम श्रद्धा शर्मा बताया जा रहा है, जो खुद को एक शिक्षिका (लेक्चरर) बताती है। जानकारी के मुताबिक, वह रायपुरा स्थित गिरजा शंकर आत्मानंद स्कूल में पढ़ाती है।
पुलिस की सख्ती पर उठे सवाल
रायपुर पुलिस पहले से ही सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है और कई मामलों में कार्रवाई भी कर चुकी है, खासकर युवकों के खिलाफ। ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस तरह के मामलों में महिलाओं के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई की जाएगी या नहीं।
खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा ‘हथियार कल्चर’
सोशल मीडिया पर फिल्मी डायलॉग, बैकग्राउंड म्यूजिक और हथियारों के साथ वीडियो बनाना अब एक स्टाइल स्टेटमेंट बनता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकता है और भविष्य में गंभीर सामाजिक समस्या का रूप ले सकता है।
क्या कहता है कानून?
कानून विशेषज्ञों के अनुसार, बिना वैध कारण के सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आ सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस जांच के बाद संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि रायपुर पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।










