रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत प्रदेशभर में अप्रैल माह के दौरान करीब दो से तीन लाख एपीएल राशन कार्डधारियों को चावल के साथ शक्कर और नमक का वितरण नहीं हो सका। इसका मुख्य कारण राज्य की 365 उचित मूल्य दुकानों में समय पर खाद्यान्न का भंडारण नहीं हो पाना बताया जा रहा है। अब खाद्य विभाग ने छूटे हितग्राहियों को मई माह में राशन वितरण कराने के निर्देश जारी किए हैं।
विभाग द्वारा ई-पॉस मशीनों में पिछले माह का विकल्प भी सक्रिय कर दिया गया है, जिससे अब अप्रैल में वंचित रहे हितग्राहियों को राशन मिलना शुरू हो गया है।
रायपुर जिले की 80 दुकानों में नहीं पहुंचा खाद्यान्न
रायपुर जिले की 80 उचित मूल्य दुकानों में एपीएल चावल, शक्कर और नमक का भंडारण नहीं हो पाया। इसके चलते हजारों हितग्राही अप्रैल में राशन से वंचित रह गए। अब इन हितग्राहियों को मई में अप्रैल माह का खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है।
जिले में प्रभावित दुकानों में रायपुर शहर की 28 दुकानें, धरसींवा की 25, गोबरा-नेवरा की 6, आरंग की 4 तथा तिल्दा और अभनपुर की 1-1 दुकान शामिल हैं।
शक्कर की आपूर्ति में देरी बनी वजह
विभागीय सूत्रों के मुताबिक अप्रैल माह समाप्त होने के बाद भी कई दुकानों तक शक्कर नहीं पहुंच पाई थी। इसकी मुख्य वजह सहकारी शक्कर कारखानों से समय पर सप्लाई नहीं होना बताया गया है। हाल ही में नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों में शक्कर की आपूर्ति शुरू हुई है, जिसके बाद अब उचित मूल्य दुकानों तक इसकी सप्लाई की जा रही है।
विभाग का कहना है कि जिन हितग्राहियों को अप्रैल और मई दोनों माह में शक्कर नहीं मिल पाई है, उन्हें अब वितरण किया जाएगा।
तीन माह का चावल वितरण जारी
राज्य सरकार के “चावल उत्सव” अभियान के तहत एपीएल वर्ग को छोड़कर अन्य राशन कार्डधारियों को तीन महीने का चावल एक साथ वितरित किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अप्रैल माह में प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत हितग्राहियों को चावल का वितरण किया जा चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों को चालू माह में तीन माह का चावल दिया जा रहा है।
हालांकि लाखों हितग्राहियों को अब भी शक्कर का इंतजार है।
क्या बोले खाद्य नियंत्रक
रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि अप्रैल में राशन लेने से छूटे सभी हितग्राहियों को अब खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों को राशन नहीं मिल पाया है, वे अपनी उचित मूल्य दुकान में जाकर खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।










