Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सिलेंडरों से भरा ट्रक खेत में पलटा, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, NH 130 पर लग गया जाम

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर शुक्रवार को सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदे गैस सिलेंडर खेत में बिखर गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

जानकारी के मुताबिक, सिलेंडरों से भरा ट्रक बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुरकला के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

सीतापुर में तेज रफ्तार का कहर

इधर, सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में शिक्षक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा बिजली ऑफिस चौक के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि जनगणना ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक संतुलाल जांगड़े अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम सोनतराई की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई।

हादसे में शिक्षक संतुलाल जांगड़े के अलावा दूसरी बाइक पर सवार सुधीर कुमार शाह और शंकर शाह घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुधीर कुमार शाह को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Related Posts

1 of 318