शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में रविवार को आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान दर्शकों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। मैदान पर रोमांचक मैच के बीच स्टेडियम के अंदर खाने-पीने की वस्तुओं की जमकर कालाबाजारी हुई। करीब 60 हजार दर्शकों से पानी, कोल्ड ड्रिंक और फास्ट फूड के लिए तय कीमत से दो से तीन गुना अधिक रकम वसूली गई।
दर्शकों के मुताबिक, 50 रुपये की पानी की बोतल 150 रुपये में बेची गई, जबकि कोक, चिप्स, समोसा, सैंडविच और पिज्जा जैसी चीजें 200 रुपये से ज्यादा में बेची गईं। कई लोगों ने इसका विरोध करते हुए वीडियो बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में वेंडर्स खुलेआम मनमानी कीमत वसूलते नजर आ रहे हैं।
नेटवर्क फेल होने से एंट्री गेट पर हंगामा
भीड़ को देखते हुए आयोजकों ने स्टेडियम परिसर में अस्थायी मोबाइल टावर लगाए थे, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही नेटवर्क व्यवस्था चरमरा गई। बड़ी संख्या में दर्शकों के मोबाइल फोन में नेटवर्क गायब हो गया, जिससे ई-टिकट धारकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
इंटरनेट नहीं चलने के कारण कई लोगों के मोबाइल में क्यूआर कोड लोड नहीं हो सके और एंट्री गेट पर लंबी कतारें लग गईं। कई दर्शक नेटवर्क की तलाश में स्टेडियम के बाहर भटकते नजर आए, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खुल गई। स्टेडियम में बिना टिकट प्रवेश रोकने के लिए लगाई गई फेंसिंग और लोहे की जालियां लोगों को रोकने में नाकाम साबित हुईं। मैच शुरू होने के कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में लोग तारों और जालियों पर चढ़कर स्टेडियम के अंदर घुसने लगे।
इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति भी बनी। बाउंड्री फांदने की कोशिश में एक युवक नीचे गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस जगह से लोग अंदर घुस रहे थे वहां पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं थे। इसका फायदा उठाकर 100 से ज्यादा लोग अवैध रूप से स्टेडियम में प्रवेश कर गए।
रेट लिस्ट नहीं होने से बढ़ी मनमानी
स्टेडियम के अंदर खाद्य सामग्री बेचने की जिम्मेदारी आयोजन समिति द्वारा नियुक्त एजेंसी को दी गई थी, लेकिन कहीं भी खाद्य वस्तुओं की रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी। दर्शकों का कहना है कि इसी का फायदा उठाकर वेंडर्स ने मनमाने दाम वसूले।
‘नो री-एंट्री’ नियम के कारण लोग बाहर जाकर सामान भी नहीं खरीद सकते थे। भीषण गर्मी में पानी और खाने की ऊंची कीमतों ने दर्शकों की परेशानी और बढ़ा दी। अब सोशल मीडिया पर लोग आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।









