Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- बोर्ड परीक्षा में छात्रा कैमरा लेकर पहुंची, वीडियो वायरल होने पर 5 कर्मचारी सस्पेंड

महासमुंद। लोक शिक्षण संचालनालय ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर बड़ी कार्रवाई की है। परीक्षा केंद्र में एक छात्रा के डिजिटल कैमरा लेकर पहुंचने और परीक्षा का वीडियो-ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के मामले में पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

मामला महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय भंवरपुर स्थित हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 का है।

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले ठीक तरीके से जांच नहीं की गई। इसी का फायदा उठाकर एक छात्रा डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गई। परीक्षा के दौरान उसने वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि परीक्षा केंद्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 का उल्लंघन मानते हुए कदाचार की श्रेणी में रखा है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर गंगा प्रसाद पटेल, अनिरुद्ध भोई, दिनेश कुमार दास, दुर्गाप्रसाद पटेल और विजिया बुडेक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक और अन्य जिम्मेदार कर्मचारी शामिल हैं।

विभागीय आदेश में कहा गया है कि परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का परीक्षा कक्ष तक पहुंच जाना गंभीर सुरक्षा चूक है। इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि प्रभावित हुई है और परीक्षा की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हुए हैं।

निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

घटना के बाद शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और जांच व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश जारी किए हैं।

Related Posts

1 of 324