रायपुर। Indian Premier League 2026 के 57वें मुकाबले में बुधवार को Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
आरसीबी इस मैच को जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत करना चाहेगी, जबकि केकेआर के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
विराट और भुवनेश्वर पर टिकी आरसीबी की उम्मीदें
विराट कोहली इस सीजन आरसीबी के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 11 पारियों में 42.11 की औसत और 163.36 के स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाए हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार शानदार गेंदबाजी करते हुए 11 मैचों में 21 विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमाए हुए हैं।
केकेआर को अंगकृष और त्यागी से उम्मीद
केकेआर की ओर से अंगकृष रघुवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 10 पारियों में 269 रन बनाए हैं। वहीं कार्तिक त्यागी ने 10 मैचों में 13 विकेट हासिल किए हैं।
हेड टू हेड में केकेआर का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें केकेआर ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि आरसीबी को 15 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा।
पिच रिपोर्ट: तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद
रायपुर की पिच पर इससे पहले आरसीबी और Mumbai Indians के बीच मुकाबला खेला गया था। मैच के बाद खिलाड़ियों ने पिच को चुनौतीपूर्ण बताया था। इस विकेट पर 200 रन का आंकड़ा छूना आसान नहीं माना जा रहा है। तेज गेंदबाजों को यहां अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना है।
इन खिलाड़ियों की भिड़ंत पर रहेगी नजर
भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे के खिलाफ बेहद शानदार रहा है। उन्होंने रहाणे को टी20 मुकाबलों में सात बार आउट किया है। वहीं विराट कोहली का प्रदर्शन सुनील नारायण के खिलाफ सामान्य रहा है। ऐसे में केकेआर पावरप्ले में नारायण का इस्तेमाल कर विराट पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकती है।









