पेंड्रा/गौरेला:
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद संवेदनशील और गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ एक विधवा महिला से उसके ही रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय पर दुष्कर्म (Rape) की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद गौरेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पति की मौत के बाद अकेली पाकर किया दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला के पति का निधन करीब 10 साल पहले हो गया था। पति की मौत के बाद से महिला घर में अकेली रह रही थी। महिला को बेसहारा और अकेला पाकर उसके रिश्ते के दो देवरों की नीयत खराब हो गई। दोनों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग परिस्थितियों में महिला की मजबूरी का फायदा उठाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह इस घिनौनी करतूत के खिलाफ पहले भी कानूनी कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए काफी समय से कोशिश कर रही थी।
एक साल से बंद था फोन, पुलिस नहीं कर पा रही थी संपर्क
इस मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस और पीड़िता के बीच संपर्क टूट गया। गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि पीड़ित महिला ने पहले एक आवेदन दिया था, लेकिन उसके बाद वह करीब एक साल के लिए किसी दूसरे स्थान पर चली गई थीं। इस दौरान महिला ने जो मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया था, वह भी लगातार बंद या गलत आ रहा था। नंबर बंद होने के कारण पुलिस जांच आगे बढ़ाने के लिए महिला से संपर्क नहीं कर पा रही थी। अब जैसे ही महिला वापस लौटी, पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दो अलग-अलग FIR दर्ज
थाना प्रभारी शानिप रात्रे के मुताबिक, मामला बेहद गंभीर है। चूंकि दोनों आरोपियों ने अलग-अलग समय, अलग जगह और अलग परिस्थितियों में इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था, इसलिए कानूनी रूप से दो पृथक मामले दर्ज करना जरूरी था।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म) के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और उनकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।










