Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

आकाशीय बिजली का कहर: बलौदा बाजार में 10 गायों की मौत, पशुपालकों को भारी नुकसान

बलौदा बाजार, 23 जून। जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत नागेड़ी ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 10 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार 22 जून को क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान गायें खेत में मौजूद एक पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सभी 10 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को बचाव का अवसर नहीं मिल सका।

इस हादसे से संबंधित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, पशुपालन गांव के कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है और एक साथ 10 गायों की मौत ने प्रभावित परिवारों को गहरा झटका दिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। प्रभावित पशुपालकों एवं ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को जल्द राहत राशि उपलब्ध करानी चाहिए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर शीघ्र सहायता प्रदान की जाए, ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति में राहत मिल सके।

Related Posts

1 of 391