रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। देर रात से प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने लगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, जशपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।
वहीं पेंड्रा, बिलासपुर, बलरामपुर, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, बेमेतरा, बलौदा बाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, सूरजपुर, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में भी देर शाम से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। हालांकि शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है, जिसके कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है।








