Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 440 किलो गांजा, जशपुर में 2.40 करोड़ की जब्ती

जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की है।

ओडिशा से आ रहे मिनी ट्रक को रोका

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया।

वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी हैं और इन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।

मिर्ची की बोरियों के नीचे मिला गांजा

पुलिस को वाहन की तलाशी के दौरान संदेह हुआ। टीम ने ट्रक में लदे सामान की बारीकी से जांच की। ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां रखी हुई थीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले।

गवाहों की मौजूदगी में पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला।

आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लाकर प्रयागराज ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Posts

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 13 डॉक्टरों को अतिरिक्त स्टडी लीव देने से इनकार, याचिकाएं खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीजी की पढ़ाई के लिए पहले ही दो साल की स्टडी लीव…

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर कलाकार को मिला कॉपीराइट, तीन साल की जद्दोजहद के बाद हासिल हुआ अधिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव का प्रतीक बन चुकी ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की…

1 of 477