Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आज से आगाज, CM विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ, 6 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। राज्य की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत बुधवार, 21 अक्टूबर से रायपुर में होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5:30 बजे लीग का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से और प्रदेश के खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे।

प्रतियोगिता रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल 1 नवंबर को खेला जाएगा।

132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, हर टीम में 22 खिलाड़ी

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ट्रायल के बाद खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

ओलंपियन और अनुभवी खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राज्य के उभरते खिलाड़ियों के साथ भारतीय हॉकी के कई अनुभवी खिलाड़ी भी मैदान पर नजर आएंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम शामिल हैं।

पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलने की उम्मीद है। लीग के जरिए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मुकाबलों का अनुभव मिलेगा, जिससे उनकी तकनीक और खेल क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

छह टीमें, खिताब के लिए होगा मुकाबला

टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली छह टीमों के नाम इस प्रकार हैं:

  • राजधानी रॉयल्स
  • बैलाडीला बुल्स
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
  • चक्रधर चैंपियंस
  • न्यायधानी नाइट्स
  • मैनपाट टाइटंस

सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। टीमों के लिए मुख्य कोच और सहायक कोच भी नियुक्त किए गए हैं। सहायक कोचों में छत्तीसगढ़ के लोगों को शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

पहले दिन महिला प्रदर्शनी मैच, फिर होगा लीग मुकाबला

लीग के कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार 22 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे महिला प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच मुकाबला होगा।

टूर्नामेंट में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को विश्राम रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। खिताबी भिड़ंत 1 नवंबर को शाम 7 बजे होगी।

‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ से मिलेगा खेल को बढ़ावा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना, उभरते खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देना और राज्य में खेल के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करना है।

लीग से उम्मीद की जा रही है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्रदेश में हॉकी की नई प्रतिभाओं को सामने लाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

Related Posts

1 of 488