बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। घर में सफाई के दौरान हुए करंट हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता के बाद अब उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता ने भी शनिवार, 7 नवंबर को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है।
लोहे के पाइप में उतरा करंट, तीनों गंभीर रूप से झुलसे
जानकारी के मुताबिक, घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। इसकी चपेट में कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता आ गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान तीनों एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस कोशिश में खुद भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले पिता-पुत्र की मौत, अब वर्षा गुप्ता ने भी तोड़ा दम
इस दर्दनाक हादसे में शुक्रवार को कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता की मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल वर्षा गुप्ता का रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
परिजन और शुभचिंतक उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन शनिवार दोपहर उन्होंने भी जिंदगी की जंग हार दी। इसके साथ ही एक ही परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
कारोबारी जगत में शोक, शहरवासी स्तब्ध
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत की खबर से बलौदाबाजार में शोक की लहर दौड़ गई है। कारोबारी जगत से जुड़े लोगों सहित शहरवासियों में इस घटना को लेकर गहरा दुख है।
घर की सामान्य सफाई के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक पल में खुशहाल परिवार के उजड़ जाने की इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।











