घुमा। ग्राम पंचायत घुमा में आयोजित सेवा संवाद यात्रा के दौरान सड़क की बदहाली और प्रदूषण जैसी स्थानीय समस्याओं को लेकर युवाओं ने अपनी आवाज उठाने की कोशिश की। युवा इन जनसमस्याओं को जनप्रतिनिधियों के सामने रखकर उनके समाधान की मांग करना चाहते थे।
लेकिन इस दौरान स्थिति उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब विधायक की मौजूदगी में अपनी बात रखने का प्रयास कर रहे युवाओं को पुलिस प्रशासन ने कथित तौर पर बलपूर्वक रोकने की कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा युवाओं को रोकते हुए देखा जा सकता है।
युवाओं का सवाल है कि जब सरकार जनता से संवाद और समस्याओं के समाधान का दावा करती है, तो फिर जनता की समस्याएं उठाने वालों को अपनी बात रखने का अवसर क्यों नहीं दिया जा रहा है?
ग्राम पंचायत क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति और प्रदूषण जैसी समस्याएं आम लोगों के जीवन से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में इन मुद्दों को उठाना युवाओं का लोकतांत्रिक अधिकार है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सेवा संवाद यात्रा में जनता की समस्याएं सुनने के लिए मंच तैयार किया गया है या फिर केवल सरकारी उपलब्धियां गिनाने के लिए?
लोकतंत्र में संवाद एकतरफा नहीं हो सकता। जनता को अपनी बात कहने का अधिकार है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की आवाज सुनें।










