छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के एचडीएफसी बैंक के सामने बैंक से पैसे निकालकर बाहर निकलते समय सुकमा के SDOP तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला किया गया। हमले में SDOP गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह हमला TVS शोरूम के पास उस समय हुआ जब SDOP वहां मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पूर्व नियोजित हो सकता है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी की पहचान रविशंकर साहू, निवासी दुर्ग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी SDOP का सुकमा से पीछा करते हुए दंतेवाड़ा तक पहुंचा था। फिलहाल हमले के पीछे की वजहों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।










