छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ ‘अवैध संबंध’ के शक और मामूली हंसी-मजाक ने एक इंसान की जान ले ली। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में एक पति ने अपने पड़ोसी को पत्नी के साथ हंसी-मजाक करते देख इस कदर आपा खोया कि डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की पहचान नंदकिशोर पटेल (39 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी जयसिंह कंवर और नंदकिशोर पड़ोसी थे। जयसिंह को नंदकिशोर का उसके घर आना-जाना और उसकी पत्नी से बातचीत करना पसंद नहीं था। सोमवार की रात जब जयसिंह घर लौटा, तो उसने नंदकिशोर को अपनी पत्नी के साथ हंसी-मजाक करते देखा। इस दृश्य को देखकर जयसिंह भड़क गया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर जयसिंह, नंदकिशोर को घसीटते हुए पास की बाड़ी (बगीचे) में ले गया और वहां डंडे से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खोजी कुत्ते ‘बाघा’ ने सुलझाई गुत्थी
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में कोरबा पुलिस के डॉग स्क्वाड के सदस्य ‘बाघा’ ने अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल के पास पुलिस को एक जूता मिला। डॉग बाघा ने उस जूते को सूंघा और उसे मुंह में दबाकर सीधे आरोपी जयसिंह के घर जा पहुंचा। जैसे ही पुलिस बाघा के पीछे-पीछे जयसिंह के घर पहुंची, उसे देखकर जयसिंह घबरा गया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना डंडा बरामद कर लिया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी जयसिंह कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का बयान:”आरोपी को अपनी पत्नी से पड़ोसी की बातचीत पसंद नहीं थी। इसी रंजिश में उसने डंडे से वार कर हत्या की। डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।”










