बिलासपुर। शहर में गुरुवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोल व्यापारी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहरभर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
सुबह अचानक आयकर विभाग की बड़ी टीम शहर पहुंची और फील ग्रुप के ऑफिस, आवास तथा फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। टीम की गाड़ियां एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर के साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा है। यहां दस्तावेजों की पड़ताल के साथ कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलें और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी अंदर दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं। हालांकि अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि फील ग्रुप के मालिक प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में गिने जाते हैं। ऐसे में आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक जगत में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम संबंधित दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच में जुटी हुई है।








