बालोद। छत्तीसगढ़ के Balod जिले के Dondi थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना राम जानकी मंदिर के पास हुई। दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मोपेड चालक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान सामसाय मसियारे (55 वर्ष) निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे मथाई चौक से डौंडी की ओर जा रहे थे, तभी राम जानकी मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगा जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात करीब एक घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश की। इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें पूरी घटना कैद है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।










