रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 12 चक्का ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये की कीमत का चोरी हुआ ट्रक भी बरामद कर लिया है। खास बात यह है कि सूचना मिलने के महज 4 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार अमलीडीह न्यू राजेंद्र नगर निवासी मीना निर्मलकर ने थाना न्यू राजेंद्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम पर टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक क्रमांक CG 07 BC 9172 पंजीकृत है, जिसे उनका पति वीरेंद्र निर्मलकर चलाता है। होली के अवसर पर 2 मार्च 2026 को उनके पति ने ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड न्यू राजेंद्र नगर में खड़ा किया था।
6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक को देखने पहुंचे तो वह वहां से गायब था। किसी अज्ञात चोर द्वारा ट्रक चोरी कर ले जाने की शिकायत पर पुलिस ने थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 103/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके के साथ-साथ टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज के आधार पर यह पता चला कि आरोपी ट्रक चलाकर मौके से फरार हुए थे। इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज को क्रमबद्ध तरीके से खंगालते हुए आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया।
अन्य जिलों की पुलिस के साथ समन्वय
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने एसीसीयू रायपुर, सलिहा थाना पुलिस (सारंगढ़-बिलाईगढ़) और महासमुंद पुलिस से समन्वय स्थापित किया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस ने सघन पतासाजी के बाद आरोपियों की पहचान न्यू राजेंद्र नगर निवासी रितेश दास उर्फ माईकल और बजरंगी परिहार के रूप में की। दोनों आरोपियों को चोरी किए गए ट्रक के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलीहा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी चोरी के मामले में निरुद्ध रह चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के एक मामले में माना स्थित बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
- रितेश दास उर्फ माईकल (26 वर्ष), पिता राजेश दास, निवासी शहीद राजीव पांडेय नगर बनमाली बस्ती, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
- बजरंगी परिहार (19 वर्ष), पिता गोपाल बहादुर परिहार, निवासी शहीद राजीव पांडेय नगर, आशादीप हॉस्पिटल के पीछे, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का 12 चक्का ट्रक क्रमांक CG 07 BC 9172, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये है, जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना न्यू राजेंद्र नगर के थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र चौरे, आरक्षक शाबिर खान, एसीसीयू रायपुर से सहायक उप निरीक्षक मंगलेश परिहार की टीम, सलीहा पुलिस (सारंगढ़-बिलाईगढ़) तथा महासमुंद पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










