Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

दुर्ग में अफीम की अवैध खेती का मामला: कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित, पटवारी और सर्वेयर को नोटिस

दुर्ग। जिले के समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लापरवाही के आरोप में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने खेत के निरीक्षण के दौरान अफीम की खेती को नजरअंदाज किया।

जांच में सामने आया कि एकता साहू ने जिस खसरे को मक्का के प्रदर्शन प्लाट के रूप में बताया था, वहां मक्का की फसल मौजूद ही नहीं थी। इसके आसपास अफीम की खेती की जा रही थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

अफीम खेती मामले में एक गिरफ्तारी
इस मामले में पहले ही अफीम की खेती से जुड़े आरोप में निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के रिश्तेदार विमल ताम्रकार को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिस जमीन को मक्का प्रदर्शन प्लाट बताया गया था, वहां वास्तव में मक्का की फसल नहीं थी, इसके बावजूद प्रदर्शन के नाम पर प्रोत्साहन राशि जारी कर दी गई थी।

पटवारी और सर्वेयर को कारण बताओ नोटिस
मामले की जांच के दौरान कलेक्टर ने पटवारी अनिता साहू और सर्वेयर शशिकांत साहू को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार सर्वेयर शशिकांत साहू ने सितंबर 2025 में खेत का डिजिटल सर्वे किया था। उस समय खसरा नंबर 309 को पड़त भूमि और खसरा नंबर 310 में धान की फसल दर्ज कर जानकारी अपलोड की गई थी। इसके बाद पटवारी अनिता साहू को मौके पर जाकर सत्यापन करना था, लेकिन उन्होंने बिना जांच के ही इस डेटा को अप्रूव कर दिया। इसी लापरवाही के कारण खेत में हो रही अफीम की खेती का समय पर पता नहीं चल पाया।

मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट
समोदा में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे जिले की रिपोर्ट तलब की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को जांच में लगाया है और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

भूपेश बघेल का आरोप
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया है कि नगरी-सिहावा क्षेत्र में भी अफीम की खेती हो रही है। उन्होंने मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्ष से जुड़ा कोई मामला सामने आता है तो उसे तुरंत किसी विधायक या सांसद का करीबी बताकर प्रकाशित किया जाता है, लेकिन राज्य में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद यह नहीं बताया जा रहा कि आरोपित किस नेता के करीबी हैं।

Related Posts

1 of 219