बिलासपुर: बिलासपुर में एक युवती ने नशे की हालत में सड़क पर जमकर हंगामा किया। वाहन चेकिंग के दौरान युवती न केवल नशे में पाई गई, बल्कि उसने पुलिस जवानों से बदसलूकी भी की। यह घटना राजीव गांधी चौक के पास सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस को देखकर भागने लगी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सिविल लाइन थाना पुलिस राजीव गांधी चौक पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे महाराणा प्रताप चौक की ओर से आ रही स्कूटी सवार युवती पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगी और इसी दौरान वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई।
पुलिस से की बदसलूकी, जांच से बचने की कोशिश
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख युवती भड़क गई और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने लगी। जब पुलिस ने उसे ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने को कहा, तो उसने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और जांच से बचने की कोशिश करती रही।
ड्रिंक एंड ड्राइव में हुई कार्रवाई
काफी मशक्कत के बाद युवती की जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी स्कूटी को जब्त कर लिया और चालानी कार्रवाई की।









