Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

भिलाई में ‘ब्लैक सैटरडे’: एक ही दिन दो छात्रों ने की खुदकुशी, 11वीं की छात्रा और कॉलेज छात्र ने गंवाई जान

भिलाई। स्टील सिटी भिलाई से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। शनिवार का दिन शहर के लिए ‘ब्लैक सैटरडे’ साबित हुआ, जहां दो अलग-अलग इलाकों में एक स्कूली छात्रा और एक कॉलेज छात्र ने मौत को गले लगा लिया। इन घटनाओं ने न केवल शहर को झकझोर दिया है, बल्कि युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव और परीक्षा के दबाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना: परीक्षा वाले दिन ही थम गईं छात्रा की सांसें

पहली दुखद घटना अकलोरडीह क्षेत्र की है। यहां 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शनिवार को ही छात्रा की परीक्षा थी। परीक्षा देने जाने के बजाय उसने मौत का रास्ता चुन लिया। मृतिका हाल ही में अपना जन्मदिन मना चुकी थी और अपने मामा के घर रहकर भविष्य के सपने बुन रही थी। घर में खुशियों का माहौल गम में बदल गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरी घटना: कोहका में BCA छात्र ने किया सुसाइड

खुदकुशी का दूसरा मामला आर्यनगर, कोहका क्षेत्र से सामने आया है। यहां बीसीए (BCA) की पढ़ाई कर रहे एक होनहार छात्र ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लटकाकर जान दे दी। एक उभरते करियर वाले छात्र के इस कदम ने पड़ोसियों और दोस्तों को सन्न कर दिया है।

दोनों ही मामलों में सबसे बड़ी चुनौती आत्महत्या के कारणों का पता लगाना है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है। दुर्ग पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मृतकों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया एक्टिविटी और कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या वे किसी मानसिक प्रताड़ना या निजी तनाव से गुजर रहे थे। पुलिस छात्रा के मामा और छात्र के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।


Related Posts

1 of 257